
KPN24:- सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम मल्दा में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां घर के पास खेलते समय 12 माह का मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिर गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 29 अगस्त को दोपहर लगभग 12 बजे ग्राम मल्दा निवासी किशन कश्यप का छोटा बेटा शिवांश कश्यप अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने बच्चे को घर में न पाकर आसपास खोजबीन शुरू की। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद जब परिजनों ने घर के पीछे झांका तो वहां पानी से भरे एक बड़े गड्ढे में मासूम का शव तैरता हुआ मिला।
बच्चे को तत्काल गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि घर के पास लंबे समय से एक बड़ा घुरुवानुमा गड्ढा था, जिसे भरने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। यही लापरवाही मासूम की मौत का कारण बन गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।










