
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹6,200 नगद, पांच टिपा तेल, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं राड बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना का विवरण
दिनांक 26 अगस्त 2025 की रात को अकलतरा के बजरंग चौक स्थित सुनील किराना स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नगद राशि एवं सामान चोरी कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन आरोपियों –
1. रवि निर्मलकर (21 वर्ष), निवासी वार्ड 14 अकलतरा
2. साहिल बिछिया ऊर्फ भोला (24 वर्ष), निवासी वार्ड 14 अकलतरा
3. प्रकाश यादव (26 वर्ष), निवासी वार्ड 14 अकलतरा
को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की योजना शराब पीने के बाद बनाई थी। आरोपियों ने बताया कि तीनों ने दुकान का ताला रॉड से तोड़कर ₹23,000 नगद और पांच टिपा तेल चोरी किया तथा बाद में सामान और पैसे का बंटवारा कर लिया।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि रवि निर्मलकर और सुमीत तांद्रे (20 वर्ष, वार्ड 9, अकलतरा) ने पहले भी आत्मानंद स्कूल अकलतरा से एसी का बाहरी हिस्सा और कोटमी सोनार मंदिर की दान पेटी से नगदी चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने चौथे आरोपी सुमीत तांद्रे को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की तत्परता
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। आरोपियों के खिलाफ निगरानी फाइल भी तैयार की जा रही है क्योंकि वे पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि राजेन्द्र क्षत्रिय, प्र.आर. विवेक सिंह, अशोक यादव, राकेश चतुर्थी, आर. गौकरण राय, जयनाथ दुग्गा एवं अनिल जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










