
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के नैला से बलौदा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह एक से डेढ़ फीट गहरे करीब 100 गड्ढे बन गए हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कोयला ट्रक और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी विकट हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोग कीचड़ और गड्ढों से परेशान रहते हैं। सबसे अधिक दिक्कत छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। कीचड़ में फंसने से उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और समय पर विद्यालय पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है।
स्कूटी और बाइक चालकों के लिए यह सड़क सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। गहरे गड्ढों के कारण वाहन पलटने का खतरा बना रहता है, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर वे कई बार विभाग और प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवाजाही की मांग की है।










