"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अकलतरा पुलिस की बड़ी सफलता : 98 हजार रुपए की उठाईगिरी के 02 आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा क्षेत्र में हुए 98 हजार रुपए के उठाईगिरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से दबोच लिया। साइबर टीम और थाना अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी गए नगद रुपए और बाइक सहित अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. ओमप्रकाश सिसोदिया उर्फ बच्चा, पिता सीताराम, निवासी भोलगड़ थाना अनूपपुर (म.प्र.)

2. सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर, पिता राधेश्याम, उम्र 23 वर्ष, निवासी भोलगड़ थाना अनूपपुर (म.प्र.)

घटना का विवरण

दिनांक 03 सितम्बर को प्रार्थी डोल नारायण पटेल, निवासी फरहदा थाना अकलतरा, जिला सहकारी बैंक अकलतरा से 1 लाख रुपए निकालकर थैले में रखकर अपने मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर घर जा रहा था। रास्ते में उसने कपड़े और किराना सामान खरीदा। इस दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसकी बाइक की डिक्की से थैला पार कर दिया, जिसमें 98 हजार रुपए नगद, पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज थे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 423/2025 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर टीम और थाना अकलतरा पुलिस ने जांच शुरू की।

500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए।

तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की पहचान नट गिरोह के सदस्य ओमप्रकाश और सुमित सिसोदिया के रूप में हुई।

इसके बाद टीम ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के भोलगड़ गांव में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई रकम में से ₹92,000 नगद और घटना में प्रयुक्त यूनिकॉर्न बाइक बरामद कर जप्त किया।

अन्य अपराधों का खुलासा संभव

दोनों आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि और भी आपराधिक मामलों का खुलासा हो सकता है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में निरीक्षक सागर पाठक (साइबर सेल प्रभारी), निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), प्रआर मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आर. गिरीश कश्यप, माखन साहू, श्रीकांत सिंह, शहबाज खान की अहम भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More