
KPN24 :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम बायंग (कछार) में 38 करोड़ रुपये की लागत से मांड नदी बायंग एनीकट कम काजवे निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना से आवागमन सुविधा बेहतर होगी और 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सोलर संयंत्र व पाइपलाइन के जरिए किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा— “रायगढ़ मेरा परिवार है, जब भी यहाँ आता हूँ तो अपने ही लोगों के बीच होने का अहसास होता है। आपने मुझे 20 साल सांसद बनाकर दिल्ली भेजा और अब मुख्यमंत्री के रूप में मैं आपसे मिलने आया हूँ।”
उन्होंने बताया कि 20 महीनों में सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रुपये वार्षिक सहायता और तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका जैसी योजनाएँ लागू की हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में विकास कार्यों की गति और तेज हुई है।
ग्राम बायंग के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।










