
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह ब्लॉक के चोरिया गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल बहेराडीह द्वारा संचालित ‘जैविक खेती अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. के.डी. महंत, देश के पहले किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव, नवाचारी कृषक रामाधार देवांगन तथा कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशीष प्रधान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने जैविक खेती की महत्ता और रासायनिक खाद के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जैविक खेती की आवश्यकता सबसे अधिक है, क्योंकि रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग से न केवल खेती की भूमि की उर्वरक क्षमता कम हो रही है, बल्कि मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस दौरान छात्रों ने मिट्टी की गुणवत्ता और जैविक खेती से जुड़े सवाल पूछे, जिनका वैज्ञानिकों ने विस्तार से जवाब दिया।
वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल बहेराडीह द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। वहीं गांवों में चौपाल के माध्यम से किसानों को जैविक खेती की उपयोगिता और रासायनिक खेती के नुकसान समझाए जा रहे हैं। मिट्टी की गुणवत्ता, पराली प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता लक्ष्मीनारायण सोनी ने किया और आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य फ़िरत सिंह कंवर ने किया। इस अवसर पर सरपंच बटदेव उरांव, व्याख्याता भास्कर यादव, ज्योति बिंझवार, जय नारायण राज, हेमंत खटकर, दिग्विजय पटेल, बसंत गढ़ेवाल, नीलमणि देवांगन, ताकेश्वर वैष्णव, नोहर रत्नाकर, ब्रम्हेश्वर लाठिया, टीमन लाल चन्द्रा, तुलसी देवांगन, सहित सभी शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके पालक मौजूद रहे।










