
KPN24:- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सहजता और आत्मीयता का अनोखा दृश्य देखने को मिला। खरसिया हेलीपैड पर ढाई वर्षीय मासूम इवान अपने पिता श्री अमन गर्ग के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत देखने पहुंचा था। जैसे ही मुख्यमंत्री की नज़र बच्चे पर पड़ी, वे उसे दुलारे बिना नहीं रह सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मुस्कुराते हुए नन्हे इवान को अपनी गोद में उठा लिया और बड़े स्नेह से दुलार किया। इस भावनात्मक क्षण को देखकर वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित और भावविभोर हो उठे। मुख्यमंत्री की यह आत्मीयता एक बार फिर उनके सरल और संवेदनशील व्यक्तित्व का सजीव उदाहरण बन गई।
इवान के पिता अमन गर्ग ने इसे अपने परिवार के लिए अविस्मरणीय पल बताते हुए कहा कि अपने बेटे को मुख्यमंत्री की गोद में देखना उनके लिए भावुक और अनमोल स्मृति है, जिसे वे जीवनभर संजोकर रखेंगे। उन्होंने बताया कि इवान बड़े उत्साह से मुख्यमंत्री और हेलीकॉप्टर को देखने आया था और मुख्यमंत्री की गोद में जाते ही उसकी खुशी दोगुनी हो गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस आत्मीय व्यवहार ने न केवल गर्ग परिवार का दिल जीत लिया, बल्कि वहां उपस्थित सभी लोगों पर गहरी छाप छोड़ दी। यह दृश्य इस बात का प्रमाण बना कि मुख्यमंत्री न केवल प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण के लिए संकल्पित हैं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति भी गहरे अनुराग से जुड़े हुए हैं।










