
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की नैला चौकी क्षेत्र में गणेश विसर्जन की रात हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी को पुलिस ने मात्र सात दिनों में सुलझा लिया। पुलिस ने व्यापारी से चाकू की नोक पर लूटे गए 10 लाख 44 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व हथियार के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
दिनांक 06 सितम्बर 2025 को रात करीब 9:15 बजे व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल, निवासी नैला, दुकान से लाखों रुपये बैग में रखकर स्कूटी से घर जा रहे थे। नैला गली, कुबेर पारा के पास आरोपियों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और CSP कविता ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच और टीम गठन
लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उसी रात चार टीमें गठित कीं। एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। साथ ही साइबर टीम की सक्रियता से अहम सुराग मिले।
मास्टरमाइंड निकला पूर्व नौकर
पुलिस ने जांच में पाया कि घटना का मास्टरमाइंड व्यापारी का पूर्व नौकर, एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक है। आरोपी ने 17 दिन पहले साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी। उसने बताया कि व्यापारी रोज रात को बड़ी रकम लेकर घर जाते हैं और आसानी से डर जाते हैं। घटना वाले दिन आरोपी व्यापारी के बुलावे पर एक दिन काम पर आया और मौके की जानकारी साथियों को दी। इसके बाद छिपे बदमाशों ने व्यापारी पर हमला कर लूट को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. मुकेश सूर्यवंशी पिता श्रीराम सूर्यवंशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी नैला
2. नितेश पंडित उर्फ विक्की पिता उमेश पंडित, उम्र 21 वर्ष, निवासी अमोरा थाना मुलमुला
3. एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (पूर्व नौकर)
बरामदगी
👉 नगद ₹10,44,000
👉 घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
👉 चाकू और सर्जिकल ब्लेड
पूछताछ में आरोपियों ने 18 जुलाई को बोड़सरा शराब दुकान से 2.40 लाख की चोरी की वारदात को भी कबूल किया, जिसमें से ₹64,000 बरामद किए गए हैं। आरोपी मुकेश सूर्यवंशी पर पूर्व में हत्या के प्रयास सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
ऑपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारी/कर्मचारी
इस कार्रवाई में निरीक्षक पारस पटेल थाना प्रभारी मुलमुला, साइबर टीम सउनि विवेक सिंह, चौकी नैला प्रभारी विनोद जाटवर, CSP कविता ठाकुर सहित दर्जनों पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि सात दिनों के भीतर इस बड़ी वारदात का पर्दाफाश पुलिस की सतर्कता और टीम वर्क का परिणाम है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।










