
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- खरगोन जिले में 22 सितंबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों का माहौल है, वहीं सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडालों की भव्य सजावट ने भी उत्सव की रौनक बढ़ा दी है। नवरात्र के पहले दिन मां आदिशक्ति की प्रतिमाओं को विराजमान करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शहर का ज्योति नगर पंडाल हर साल आकर्षण का केंद्र रहता है। इस साल यहां नवरात्र उत्सव का 11वां वर्ष मनाया जा रहा है। उत्सव समिति अध्यक्ष इंजीनियर नीतिन मालवीय ने बताया कि इस बार पंडाल को तिरुपति बालाजी मंदिर के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। लगभग 50 से अधिक कारीगर एक माह से लगातार इस दिव्य दरबार को साकार करने में जुटे हुए हैं। विशाल एवं मनोहारी प्रतिमा के साथ यह दरबार श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत नजारा पेश करेगा।
समिति के प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने जानकारी दी कि ज्योतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भव्य दुर्गा पंडाल के साथ ही गरबा मंच भी तैयार किया जा रहा है। यहां 30×18 फीट का मंच और करीब 71 फीट ऊंचाई का शिखर होगा। पंडाल के सामने 40×40 फीट का गरबा मंच रहेगा, जहां कॉलोनी की बालिकाएं, महिलाएं और आमंत्रित टीमें माता की आराधना स्वरूप गरबा नृत्य प्रस्तुत करेंगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले 10 वर्षों से ज्योति नगर दुर्गा पूजा पंडाल न केवल धार्मिक श्रद्धा बल्कि कला, आस्था और एकता का अद्भुत संगम बन चुका है। इस वर्ष तिरुपति स्वरूप में सजने जा रहा माता का मंदिर नवरात्र की भव्यता को और यादगार बनाएगा।










