"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नाबालिग लड़की के अपहरण की गुत्थी अनसुलझी, थाने की लापरवाही ने बढ़ाई बेचैनी, न आरोपी मिला न बेटी की खबर

मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- खरगोन जिले के झिरन्या ब्लॉक के ग्राम गोरखपुर में नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम गोरखपुर निवासी राजा पिता रामलाल पर आरोप है कि उसने रुपाली बोरकर (उम्र 17 वर्ष 9 माह) को 13 अगस्त 2025 की दोपहर 3 बजे टंट्या मामा कॉलेज भीकनगांव से बहला-फुसलाकर ले गया।

जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने राजा पर शक जताते हुए तत्काल भीकनगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी अपनी बहन फुलवती पति ताराचंद के घर चैनपुर पहुंचा। फुलवती ने पुलिस व परिजनों के सामने जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि वह लड़की को तलाश कर 24 घंटे में वापस ले आएगी, लेकिन इसके बाद वह अर्जुन पिता दीपक जायसवाल की बाइक से आरोपी को इंदौर ले गई, जहां वह अपने दोस्त के घर रुका रहा।

घटना को 15 दिन बीत जाने के बावजूद न तो आरोपी मिला और न ही लड़की का कोई सुराग लग पाया है। इस बीच आरोपी के परिजन भी तलाश में नाकाम रहे। वहीं, लड़की के परिजनों का आरोप है कि भीकनगांव थाना पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उनकी बेचैनी और बढ़ गई है।

हताश परिजनों ने अंततः खरगोन पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है। संजय बोरकर सहित परिजनों ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी राजा पिता रामलाल और उसके सहयोगियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग लड़की के अपहरण जैसे गंभीर मामले में थाना स्तर पर लापरवाही, पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More