"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

26 सितंबर को खरगोन में होगा कांग्रेस का विशाल किसान सम्मेलन एवं “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली

मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- खरगोन जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा 26 सितंबर 2025 को खरगोन जिला मुख्यालय की कृषि अनाज मंडी परिसर में विशाल किसान सम्मेलन एवं “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए गोगावां और घूघरियाखेड़ी में तैयारियों को लेकर बैठकों का आयोजन किया गया।

बैठक में संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रवि जोशी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में खरगोन कपास मंडी में मात्र कुछ किलो की पोटली ₹8000 में खरीदी गई, जबकि बाकी कपास का भाव ₹5000 तक ही रहा। यही हाल मक्का उत्पादकों का भी है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई कई सिंचाई परियोजनाएं भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण दम तोड़ रही हैं। बिंजलवाड़ा परियोजना को लेकर किसानों ने बड़ा आंदोलन भी किया, लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। ऐसे ही मुद्दों को लेकर कांग्रेस 26 सितंबर को इस रैली के माध्यम से किसानों की आवाज बुलंद करेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने कहा कि राहुल गांधी ने “वोट चोर गद्दी छोड़” का नारा केवल दिया ही नहीं, बल्कि सबूतों के साथ यह भी बताया कि किस तरह आधी रात को ऑनलाइन वोट काटे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा चुनाव आयोग की मदद से सरकार बना रही है। इसी के विरोध में खरगोन में यह बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, एआईसीसी सचिव एवं मध्यप्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, तथा जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। जिला कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, किसान नेता राधेश्याम सिसोदिया, जनपद उपाध्यक्ष विजय चौहान, एजाज बाबा, विनोद यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम यादव, इदरीस नूरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More