
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 सितम्बर को धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय महतारी सदन लोकार्पण कार्यक्रम में 51 महतारी सदनों को मातृशक्ति को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर वे धमतरी जिले को 245 करोड़ 80 लाख रूपए की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात देंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री राम विचार नेताम और मंत्री टंकराम वर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी एवं भोजराज नाग, विधायक अजय चन्द्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा और जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
करेलीबड़ी, कुरूद विधानसभा क्षेत्र का गांव है। धमतरी जिले में महतारी सदन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत भेंड्री, मेधा, खरेंगा और करेलीबड़ी में 4 महतारी सदनों का निर्माण किया गया है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने, आपसी समरसता स्थापित करने और सामूहिक कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है।
योजना के प्रथम चरण (वर्ष 2024-25) में 202 महतारी सदनों के निर्माण के लिए 50 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए थे। प्रत्येक सदन लगभग 2500 वर्गफीट क्षेत्र में 24.70 लाख रूपए की लागत से निर्मित हुआ है। इनमें हॉल, कमरा, किचन, स्टोर, दुकान, बाउड्रीवाल, प्रसाधन और बोरवेल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम में राज्य की महिला स्व-सहायता समूह की 2 लाख महिलाएं वर्चुअल रूप से जुड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के अनुरूप छत्तीसगढ़ में महतारी सदनों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
द्वितीय चरण की तैयारी
वर्ष 2025-26 में योजना के द्वितीय चरण में 166 महतारी सदनों के लिए 50 करोड़ रूपए की मंजूरी दी गई है। इस चरण में निर्मित प्रत्येक सदन की लागत 30 लाख रूपए होगी।










