
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी…” यह भजन उस समय भक्तों के मुख पर सहज ही आ रहा था, जब नवरात्र पर्व पर ज्योति नगर में माता दुर्गा का दिव्य दरबार दर्शनार्थियों के लिए पट खोल रहा था। मंत्रोच्चार और शुभ मुहूर्त में माता की 17 फीट ऊँची भव्य एवं अलौकिक मूर्ति की स्थापना होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता के मनोहारी दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
आयोजन समिति ने इस बार विशेष थीम पर माता का दरबार सजाया है। समिति अध्यक्ष इंजी. नीतिन मालवीय ने बताया कि पंडाल को तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है, जहाँ माता की मूर्ति झूले पर विराजित की गई है। माता का यह रूप भक्तों को भव्यता और दिव्यता की अद्भुत अनुभूति करवा रहा है।
प्रतिष्ठापना के साथ ही 9 दिवसीय गरबा प्रस्तुतियों का शुभारंभ भी कर दिया गया है। समिति के प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि ज्योति नगर का माता दरबार हर वर्ष और भी लोकप्रिय होता जा रहा है तथा जिलेभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
राजेश पाल, मनीष गडकरी, राघवेंद्र आचार्य एवं प्रकाश चौरे ने जानकारी दी कि आकर्षक लाइटिंग, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था और गरबा दलों के लिए विशाल मंच तैयार किया गया है। मंच पर बैठकर प्रस्तुतियों का आनंद आसानी से लिया जा सकेगा। सुरक्षा की दृष्टि से पूरा पूजा पंडाल सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किया गया है।










