
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया। बैठक में बच्चों की पढ़ाई, शिक्षकों की जिम्मेदारी और विद्यालयों की कार्यप्रणाली को लेकर गहन चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करते हुए अधिकारियों और प्राचार्यों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और शिक्षकों को मेहनत कर बेहतर परिणाम देना होगा।
उन्होंने शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण देने, प्रयोगशालाओं में प्रैक्टिकल कराने, स्मार्ट क्लास-लैब का प्रभावी उपयोग करने और विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही परिसर से अनावश्यक सामग्री हटाने, मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने और विद्यालयों के आसपास से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन अनिवार्य है, ताकि विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा और खेल भावना विकसित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग और कमजोर विद्यार्थियों पर ध्यान देने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने की बात कही।
कलेक्टर महोबे ने विद्यार्थियों को नवोदय, आर्मी स्कूल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षकों को मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के सभी प्रकरणों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए और नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
मध्याह्न भोजन पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि भोजन परोसने से पूर्व शिक्षक, अभिभावक या शिक्षा समिति द्वारा उसकी गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा – “शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना हम सबकी जिम्मेदारी है। समस्या आने पर समाधान समन्वय और सकारात्मक दृष्टिकोण से किया जाए।”
बैठक में कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की भी समीक्षा की गई। साथ ही पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, एनएमएमएस परीक्षा की तैयारी, एक पेंड मां के नाम, स्वच्छ विद्यालय एवं हरित विद्यालय तथा स्वच्छता पखवाड़ा की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनी भारद्वाज, डीएमसी आर.के. तिवारी, सर्व बीईओ सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।










