"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पीएम आवासों को अक्टूबर तक पूर्ण करने एवं मनरेगा के तहत कृषि-आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे की अध्यक्षता में जनपद पंचायत अकलतरा के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता एवं आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सीईओ श्री रावटे ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपूर्ण एवं प्रगतिरत आवासों को शीघ्र गति से पूरा किया जाए तथा अक्टूबर माह तक सभी आवास पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के लाभार्थियों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराई जाए और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, साथ ही समयबद्ध कार्यवाही न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

इसी तरह महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ श्री रावटे ने निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत कृषि-आधारित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो और रोजगार के अवसर भी बढ़ें। उन्होंने कहा कि पशु शेड, मुर्गी शेड, बकरी एवं सूअर पालन शेड जैसे स्थायी संपत्ति निर्माण कार्यों को अधिक से अधिक स्वीकृति दी जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मनरेगा एवं आवास विभाग की टीम, जनपद पंचायत सीईओ, एसडीओ, पीओ, बीपीएम, सचिव, रोजगार सहायक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More