"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

उत्साह, उमंग और सद्भावना बढ़ाने का पर्व है नवरात्रि : मुख्यमंत्री श्री साय

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवरात्रि के पावन पर्व पर विगत रात्रि राजधानी रायपुर स्थित विभिन्न गरबा समारोहों में शामिल हुए। उन्होंने मातारानी का दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान रायपुर शहर गरबा के रंग में सराबोर नज़र आया और हर तरफ़ उत्सव का उल्लास छाया रहा।

मुख्यमंत्री श्री साय भानपुरी स्थित कच्छ कड़वा पाटीदार समाज, आशीर्वाद भवन में गुजराती लोहाणा महाजन समाज द्वारा आयोजित “झणकारो 2025”, इनडोर स्टेडियम में “रंगीलो रास 2025” तथा ओमाया पार्क में आयोजित “रास गरबा उत्सव” में सम्मिलित हुए। आयोजनों में मुख्यमंत्री का पारंपरिक कच्छ पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। गरबा की धुनों और रंगारंग माहौल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति से जनसमूह में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।

प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवरात्रि उत्साह, उमंग और सद्भावना बढ़ाने का पर्व है। यह सामाजिक समरसता को मजबूत करता है और जन-जन में ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में देवी को विभिन्न स्वरूपों में पूजा जाता है और मातृशक्ति के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, धमतरी में मां अंगारमोती एवं बिलईमाता, सरगुजा और रतनपुर में मां महामाया, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी जैसे शक्तिपीठ प्रदेश की आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर के रूप में छत्तीसगढ़ को विशेष पहचान प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के प्रथम दिन ही यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी रिफॉर्म लागू कर देश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी है। यह सुधार व्यापार को सुगम बनाने के साथ ही उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ देगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘बचत उत्सव’ से आम नागरिकों की जेब में पैसों की उल्लेखनीय बचत हो रही है और इससे अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने लोगों से आह्वान किया कि बाजार में खरीदारी करते समय स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वदेशी न केवल देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है बल्कि स्थानीय स्तर पर उत्पादन और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित करता है। स्वदेशी अपनाना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है और यही देश की समृद्धि का आधार बनेगा।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंडल आयोग के अध्यक्ष सहित कच्छ कड़वा पाटीदार समाज एवं गुजराती लोहाणा महाजन समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More