
KPN24:- महिलाएं आज हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम गढ़ रही हैं। तकनीक और डिजिटल माध्यम ने उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचने का अवसर दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा पॉलिसी वॉच द्वारा आयोजित “बिहान दीदियों” के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवरात्रि नारी शक्ति के सम्मान का पर्व है और छत्तीसगढ़ की महिलाएं इतिहास रच रही हैं। उन्होंने कहा –
“छत्तीसगढ़ की दीदियां अब आत्मनिर्भरता की ब्रांड एंबेसडर बन रही हैं। लखपति दीदियां सपनों को नए पंख दे रही हैं। उन्हें डिजिटली सक्षम बनाकर उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। वर्ष 2027 तक देशभर में 3 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 8 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जशपुर के महुआ उत्पाद ‘जशप्योर’ इसका उदाहरण हैं, जिन्हें राष्ट्रीय पहचान मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना सहित अनेक योजनाओं से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। स्व-सहायता समूहों के नवाचार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल रही है और सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
महिलाओं ने सुनाया लखपति बनने का सफर
बलरामपुर की श्रीमती पूनम गुप्ता ने बताया कि महिला समूह से जुड़कर किराना दुकान और आटा चक्की शुरू की और अब ट्रैक्टर व पिकअप खरीदकर व्यवसाय बढ़ा रही हैं।
गरियाबंद की श्रीमती हेमिन साहू ने आचार-पापड़ व्यवसाय से प्रतिदिन 4 हजार की आय और दिल्ली के सरस मेले में 2.31 लाख की बिक्री की सफलता साझा की।
श्रीमती गीता वैष्णव ने कहा कि पहले 10 रुपए तक के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, पर अब अपने बेटे को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनाने का सपना पूरा कर रही हैं।
रायपुर की श्रीमती गीता वर्मा ने हल्दी-मसाले का व्यवसाय शुरू कर प्रतिमाह 15–20 हजार की आय अर्जित करने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री श्री साय ने परिसर में लगाए गए बिहान दीदियों के स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं से संवाद किया।
भारत माता संकुल, डोंगरगांव की महिलाओं से A2 दूध से बने घी की खरीदारी की।
जालाग्राम संगठन, सेरीखेड़ी की महिलाओं से फिनायल, धूपबत्ती और साबुन निर्माण की जानकारी ली।
जय माँ भवानी समूह, मुंदगांव की महिलाओं से अगरवुड पौधा भेंट प्राप्त किया और उसके महत्त्व पर चर्चा की।
राष्ट्रीय पहचान की ओर बिहान की दीदियां
विशेष कार्यशाला में महिलाओं को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनके उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकें।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह, फ्लिपकार्ट के मुख्य कॉरपोरेट अधिकारी रजनीश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।










