
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में एक बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है। सहकारी केंद्रीय बैंक चांपा और बम्हनीडीह से जुड़े प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों बालेश्वर साहू और गौतम राठौर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
मामले का विवरण
दो माह पूर्व फरसवानी निवासी राजकुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच बालेश्वर साहू, जो उस समय जिला सहकारी समिति बम्हनीडीह में प्रबंधक पद पर कार्यरत था, ने उन्हें 50 एकड़ जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन लेने की सलाह दी। इस बहाने आरोपियों ने आवेदक का एचडीएफसी बैंक चांपा में खाता खुलवाया और उनसे ब्लैंक चेक ले लिया।
इसके बाद आरोपीगणों ने चेक का दुरुपयोग करते हुए लगभग 24 लाख रुपये अपने व अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। यही नहीं, आरोपियों ने राजकुमार शर्मा, उनकी मां जयतिन शर्मा और पत्नी नीता शर्मा के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान लगाकर अलग-अलग निकासी पर्चियों के माध्यम से कुल 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।
पुलिस कार्रवाई
जांच में आरोप सिद्ध पाए जाने पर समिति प्रबंधक बालेश्वर साहू और विक्रेता गौतम राठौर के विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। थाना चांपा में आरोपियों पर धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।










