
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा के आदर्शों में मानवता और समानता का मार्ग निहित है। इन्हीं आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज रायपुर जिले के आरंग तहसील स्थित भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने 162 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण कार्य प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने मेला स्थल पर डोम निर्माण, तेलासी-भंडारपुरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने और कुटेसर प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन करने की घोषणा की। साथ ही कहा कि यदि समाज से पाँच युवा पायलट बनना चाहें तो उनका पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश में नौ हजार से अधिक भर्तियाँ हो चुकी हैं और पाँच हजार नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति समाज के विकास हेतु गठित प्राधिकरण के बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ कर दिया गया है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










