
KPN24:- कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के क्षेत्र क्रमांक-21 की सदस्य श्रीमती पूजा दुबे (पूजा पांडे) पर गंभीर आरोप लगे हैं। जनपद सदस्यों ने कलेक्टर और निर्वाचन आयोग से शिकायत कर उनकी सदस्यता तत्काल समाप्त करने और निर्वाचन शून्य घोषित करने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूजा दुबे का नाम एक साथ दो जिलों की मतदाता सूची में दर्ज है। एक नाम बिलासपुर के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-30 में और दूसरा पाली-तानाखार के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-23 में पाया गया। नियम विरुद्ध जानकारी छिपाकर चुनाव लड़ने और जीतने के बाद भी उन्होंने बिलासपुर की सूची से नाम नहीं कटवाया।
इतना ही नहीं, पूजा दुबे पर शासन से दोहरा लाभ लेने का भी आरोप है। वे जनपद सदस्य के रूप में मानदेय उठा रही हैं और साथ ही महतारी वंदन योजना की राशि भी प्राप्त कर रही हैं। जनपद सदस्यों ने इसे “जनप्रतिनिधि पद का खुला दुरुपयोग” करार दिया है।
आरोपों का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होता। बताया जा रहा है कि पूजा दुबे के चाचा विजय दुबे भी जनपद सदस्य होने का फायदा उठाकर पंचायत कार्यालय और क्षेत्रीय कामकाज में राजनीतिक दबदबा दिखाते हैं और अनाधिकृत हस्तक्षेप करते हैं। यह पंचायत विभाग की गाइडलाइन का सीधा उल्लंघन है, जिसमें महिला जनप्रतिनिधियों के कार्यों में परिजनों की दखल पर सख्त रोक है।
जनपद सदस्य वेद प्रताप (क्षेत्र क्र.-04 पाली), कुन्ती दिनेश केराम (क्षेत्र क्र.-07 कोरबी), श्यामा पेन्द्रो (क्षेत्र क्र.-13 लैंगा), कविता खुरसेंगा (क्षेत्र क्र.-16 रावा) और अंजू भोला गोस्वामी (क्षेत्र क्र.-22 लालपुर) ने सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि पूजा दुबे का अपने पद पर बने रहना “जनहित के खिलाफ और अवांछनीय” है।
अब देखना होगा कि शिकायत पर जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग क्या कार्रवाई करता है।










