
KPN24:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मां दंतेश्वरी से देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने मंदिर पुजारियों से परंपरागत विधि से पूजा कर मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, बस्तर सांसद एवं दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
पूजा के पश्चात अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनों से मुलाकात की और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर एवं बस्तर दशहरा की परंपराओं को जनभावना से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।










