
KPN24:-जांजगीर-चांपा जिले में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज जिले के चार नगरीय निकायों — पामगढ़, राहौद, खरौद एवं नवागढ़ में कुल 316.29 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसरों और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 249 लाख रुपए की लागत से नवागढ़ में एसटीपी निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत पामगढ़, राहौद, खरौद और नवागढ़ में क्रमशः लगभग 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसरों का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक भवन, सामुदायिक भवन, देवांगन समाज धर्मशाला में अतिरिक्त कक्ष, सीसी रोड निर्माण, शबरी देवी शिक्षा समिति भवन एवं मंदिर परिसरों में पेवर ब्लॉक जैसे कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा — “भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं। उनके सम्मान में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। यह परिसर केवल स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों, राष्ट्र सेवा और विकास दृष्टिकोण से प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “गारंटी” को पूरा करने में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
विधायक ब्यास कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता की वर्षों पुरानी आकांक्षा को साकार किया। यह उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है कि आज छत्तीसगढ़ विकास और आत्मगौरव की नई पहचान बना चुका है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं को साकार कर इतिहास रचा। आज उनकी प्रतिमा और परिसर का लोकार्पण प्रदेश की अस्मिता को नमन करने जैसा है।
पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा की नींव रखी थी, जिसे आज मोदी और साय सरकार आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, विभिन्न नगर पंचायतों के अध्यक्षगण, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
चारों नगरीय निकायों को मिली 9.50 करोड़ रुपए की सौगात
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने पामगढ़ नगर पंचायत भवन एवं विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए, राहौद के लिए 2 करोड़ रुपए, खरौद के लिए 3 करोड़ रुपए तथा नवागढ़ के विकास कार्यों के लिए 2.50 करोड़ रुपए की घोषणा की। इससे स्थानीय बुनियादी सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।










