
मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- जीवन के हर पड़ाव पर कठिनाइयाँ आती हैं, लेकिन जो खिलाड़ी मैदान पर डटकर संघर्ष करना जानते हैं, वही जीवन में भी आगे बढ़ते हैं। सतत अभ्यास और मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। यही संदेश खरगोन विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय अंडर-14 शालेय हॉकी चयन स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए दिया।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्फूर्ति प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। जीवन में अनुशासन और समर्पण का जो भाव खेल से सीखा जाता है, वही हर क्षेत्र में सफलता दिलाता है। विधायक पाटीदार ने विद्यार्थियों से शिक्षा और खेल दोनों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार कानुडे ने बताया कि स्पर्धा में खरगोन, इंदौर, अलीराजपुर, धार और बड़वानी जिलों से आए 200 से अधिक बालक-बालिकाओं ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्साह और जोश से पूरा स्टेडियम गूंज उठा।
स्पर्धा संयोजक संस्था बाल शिक्षा निकेतन प्रमुख एवं निमाड़ महिला हॉकी अकादमी अध्यक्ष मनजीतसिंह चावला ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जिले की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। अकादमी लंबे समय से युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अखिल भारतीय स्तरीय स्पर्धाएं और जिला स्तरीय शिविरों का आयोजन करती आ रही है।
क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष पाटीदार, प्राचार्य प्रवीण मैना, सह संयोजक अनिल पांडेय, हॉकी कोच इकबाल खान, राकेश आथनकर, प्रवीण किरावर, इमरान खान, खेल शिक्षक तनवीर खान, विधि विभाग के आफताब खान तथा माशि सचिन मोरे सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक अनिल पांडेय ने किया और आभार प्राचार्य प्रवीण मैना ने माना।










