
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत बीती रात दिनांक 07 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2025 के मध्य रात्रि लगभग 01:30 से 02:00 बजे के बीच शहर के मध्य स्थित बॉम्बे मार्केट में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी की इस घटना में निम्नलिखित प्रतिष्ठान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए—
1️⃣ चित्रा इलेक्ट्रॉनिक्स – प्रो. खगेंद्र केसरवानी
2️⃣ कलकत्ता होजरी (बॉम्बे साड़ी सेल) – प्रो. भागवत प्रसाद थावाइत
3️⃣ बॉम्बे सू हाउस – प्रो. राजदीप थावाइत
4️⃣ लालू पान ठेला एवं साइकिल ठेला – संतोष यादव
सूत्रों के अनुसार, आग सबसे पहले बॉम्बे सू हाउस से भड़की, जो धीरे-धीरे पास की दुकानों में फैल गई। आगजनी की सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस और छत्तीसगढ़ अग्निशमन सेवा के दल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
आग बुझाने के कार्य में होमगार्ड जांजगीर, न्यूको सीमेंट पावर प्लांट, केएसके पावर प्लांट, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा मड़वा पावर प्लांट के अग्निशमन वाहनों की सहायता ली गई। संयुक्त प्रयासों से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, और पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी जान-माल की हानि की सूचना नहीं है, परंतु आर्थिक नुकसान भारी बताया जा रहा है।










