
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में दीपावली पर्व के मद्देनज़र पटाखा बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बरती है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में आज जिला मुख्यालय जांजगीर में पटाखा व्यवसायियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर आर. के. तम्बोली, एसडीएम सुब्रत प्रधान, जिला कमांडेंट सुश्री योग्यता साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पटाखा व्यवसायियों को सुरक्षा नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फटाका बाजार क्षेत्र में दो पानी के टैंकर एवं एक दमकल वाहन की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत राहत कार्य किया जा सके।
साथ ही फायर एंड सेफ्टी टीम द्वारा मौके पर डेमो प्रदर्शन कर व्यापारियों को सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें, ताकि त्योहार का आनंद सुरक्षित वातावरण में लिया जा सके।










