
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के महात्मा ज्योतिबा राव फुले आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, डोंगाकोहरौद (विकासखंड पामगढ़) के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर, व्याख्याता (एल.बी.) को पद से हटा दिया गया है। उनके विरुद्ध प्राप्त गंभीर शिकायतों की जांच में आरोप सत्य पाए गए।
जांच में यह पाया गया कि प्रभारी प्राचार्य ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई जैसे कार्य करवाए, बोर्ड परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली, खेल यूनिफॉर्म खरीदी के लिए छात्रों पर दबाव डाला, प्रायोजना कार्य में अंक कम देने की धमकी दी, तथा अध्यापन कार्य में लापरवाही बरती।
जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सिन्हा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर, कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार कुंज किशोर को तत्काल प्रभाव से महात्मा ज्योतिबा राव फुले आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय डोंगाकोहरौद के प्रभारी प्राचार्य पद से मुक्त करते हुए, उन्हें शासकीय हाई स्कूल भुईगांव, विकासखंड पामगढ़ में आगामी आदेश तक अध्यापन कार्य संपादन हेतु पदस्थ किया गया है।
इसके साथ ही कलेक्टर श्री महोबे ने इस पूरे प्रकरण पर गंभीरता से विचार करते हुए, अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा हेतु प्रतिवेदन राज्य संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर (छत्तीसगढ़) को प्रेषित किया है।










