"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धरती आबा के आंगन से विज्ञान भवन तक — कोरिया की विकास गाथा को मिली राष्ट्रीय पहचान

KPN24 :-;नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव ऑन “आदि कर्मयोगी अभियान” में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले ने एक बार फिर अपनी विकास गाथा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने “धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान” में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कोरिया जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी को सम्मानित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम एवं राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा को भी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति के करकमलों से सम्मान प्राप्त हुआ।

154 जनजातीय ग्रामों में विकास की नई मिसाल

‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत कोरिया जिले के 154 जनजातीय बहुल ग्रामों — जिनमें बैकुंठपुर ब्लॉक के 138 और सोनहत ब्लॉक के 16 ग्राम शामिल हैं — में लगभग 38 हजार जनजातीय परिवारों को शासन की 17 विभागों की 25 योजनाओं का लाभ दिलाया गया है।

शिविरों एवं डोर-टू-डोर अभियानों के माध्यम से लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पीएम जन धन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम उज्जवला, जाति-निवास प्रमाण पत्र, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम आवास योजना, सिकल सेल टेस्टिंग, सुकन्या समृद्धि योजना तथा पीएम जीवन बीमा योजना जैसी योजनाओं से जोड़ा गया है।

समयबद्ध क्रियान्वयन और मैदानी स्तर पर नवाचारों के चलते यह पहल जनसहभागिता और सुशासन का प्रतीक बन चुकी है।

राष्ट्रीय स्तर पर नवाचारों की सराहना

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले द्वारा जनजातीय अंचलों में किए जा रहे नवाचारों और विकासात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है।
यह सम्मान नवाचार, जनसहभागिता और सतत विकास की दिशा में कोरिया की उत्कृष्ट उपलब्धियों का प्रतीक है

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि — “यह सम्मान हमारे उन कर्मयोगियों की पहचान है जिन्होंने जनजातीय सशक्तिकरण को धरातल पर साकार किया है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बस्तर से सरगुजा तक हर जनजातीय परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े और हर स्तर पर सशक्त बनाना है

आदिम जाति विकास मंत्री एवं कोरिया जिले के प्रभारी मंत्री  रामविचार नेताम ने कहा —“यह उपलब्धि हमारे अधिकारियों, फील्ड स्टाफ और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद योजनाओं की रोशनी को हर घर तक पहुँचाया। वास्तव में जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सुशासन की असली पहचान है।”

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More