"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पुलिस स्मृति दिवस परेड में हुए शामिल राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

KPN24:- छत्तीसगढ़ में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज चौथी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर के प्रांगण में आयोजित परेड कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। दोनों ने प्रदेश की जनता की ओर से पुलिस के शहीद वीर जवानों को नमन किया तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन सभी वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों की निष्ठा और अनुशासन के कारण ही आम नागरिक शांति, सुरक्षा और विश्वास के वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस का दायित्व चुनौतीपूर्ण होता है—जहां उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होती है, वहीं नागरिकों को भयमुक्त वातावरण भी देना होता है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने दृढ़ संकल्प और साहस के साथ नक्सलवाद की चुनौती का डटकर सामना किया है। इसके परिणामस्वरूप आज इन क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण सशक्त हो रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में राज्य पूर्णतः नक्सल समस्या से मुक्त होगा। राज्यपाल ने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनके अमूल्य योगदान के लिए नमन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि 21 अक्टूबर वह दिन है जब हम देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस बल के वीर जवानों का स्मरण करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों में भी समाज की सुरक्षा हेतु चौबीसों घंटे तत्पर रहते हैं। उन्हीं की निष्ठा और अनुशासन से राज्य में शांति और विश्वास का वातावरण संभव हो पाता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों ने अतुलनीय साहस का परिचय दिया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं—नियद नेल्ला नार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं ने सुदूर अंचलों की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में देश और राज्य सरकार दृढ़ता से कार्य कर रही हैं। राज्य सरकार मार्च 2026 तक इसके पूर्ण उन्मूलन के लक्ष्य के साथ प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और हमें कर्तव्य, अनुशासन एवं समर्पण की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में हमारे जवान अदम्य साहस और वीरता के साथ नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने में जुटे हुए हैं। वे केवल नक्सलवाद से लड़ ही नहीं रहे, बल्कि बस्तर में विकास की नई इबारत भी लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद जवानों की स्मृति को संजोए रखने और उनके परिजनों की सहायता के लिए संकल्पित है। श्री शर्मा ने बताया कि स्मारिका के माध्यम से शहीद जवानों के बलिदान को चिरस्थायी बनाने का निर्णय लिया गया है तथा आईजी एवं एसपी कार्यालयों में शहीद परिवारों की सहायता हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, संभाग आयुक्त महादेव कांवरे, आईजी अमरेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान एवं शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More