
KPN24:- छत्तीसगढ़ में सराफा एसोसिएशन द्वारा चलाया गया “जागो ग्राहक जागो” अभियान बड़ी सफलता के साथ जनता तक पहुंचा है। इस अभियान ने न सिर्फ ग्राहकों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाया, बल्कि स्थानीय सर्राफा व्यापारियों के प्रति विश्वास को भी मजबूत किया है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि “सोना खुद एक ब्रांड है, इसे किसी कंपनी या पहचान की आवश्यकता नहीं है। उसकी शुद्धता और पारदर्शिता ही उसकी असली पहचान है।”
उन्होंने बताया कि कुछ समय से मल्टीनेशनल कंपनियां अपने ब्रांड नाम से सोना बेचने की कोशिश कर रही थीं। भारी-भरकम विज्ञापनों, मेकिंग चार्ज फ्री और आकर्षक ऑफ़रों के ज़रिए ग्राहकों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन सराफा एसोसिएशन के समय पर चलाए गए जागरूकता अभियान ने इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया।
कमल सोनी ने कहा, “हमने ग्राहकों तक यह संदेश पहुँचाया कि सोना किसी ब्रांड की पहचान से नहीं, बल्कि उसकी शुद्धता से जाना जाता है। इस बार दीपावली पर लोगों ने इसका प्रमाण भी दिया — अधिकतर ग्राहकों ने अपने पुराने और विश्वसनीय स्थानीय सर्राफा व्यापारियों से ही सोना खरीदा।”
अभियान के तहत “जागो ग्राहक जागो” का संदेश घर-घर तक पहुंचाया गया। संगठन के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ इस मुहिम में भाग लिया। परिणामस्वरूप इस वर्ष पारंपरिक सर्राफा दुकानों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि बड़ी कंपनियों के शोरूम में ग्राहक संख्या में कमी देखने को मिली।
अध्यक्ष कमल सोनी ने इस जनजागरूकता अभियान की सफलता के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा –
“आप सभी ने यह साबित किया है कि विश्वास किसी ब्रांड का नहीं, बल्कि पारदर्शिता और ईमानदारी का होता है। हम वचन देते हैं कि अपनी विश्वसनीयता और शुद्धता पर कभी आंच नहीं आने देंगे। आप निश्चिंत होकर स्थानीय सुनारों से सोना खरीदें।”
उन्होंने आगे कहा कि सोना केवल धातु नहीं, बल्कि विश्वास और परंपरा का प्रतीक है। बड़ी कंपनियों के लुभावने ऑफ़रों से बचें और अपने स्थानीय सर्राफा व्यापारियों पर भरोसा बनाए रखें।
“सोना वही खरीदें जहाँ भरोसा और शुद्धता दोनों मिले।”










