
KPN24 :- दीपावली के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने गृह ग्राम बगिया में आम जनता से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को दीप पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।
मुख्यमंत्री से दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, किसान, विद्यार्थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बगिया पहुंचे थे। आत्मीय संवाद के इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस मौके पर स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, जनसुविधा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को जनहित के इन मुद्दों पर तत्परता से कार्यवाही करने को कहा।










