"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री साय एक्शन मोड में — हर व्यवस्था हो गरिमामय और त्रुटिरहित

KPN24:- छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ आगमन प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएँ गरिमामय, सुसंगठित और त्रुटिरहित हों ताकि प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव और विकास की झलक हर स्थल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री श्री साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, सभागार व्यवस्था, मंच और अतिथियों की बैठने की व्यवस्था का जायज़ा लिया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ट्राइबल म्यूज़ियम बनेगा जनजातीय अस्मिता का प्रतीक

मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का अमर प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संग्रहालय का प्रत्येक अनुभाग इस प्रकार तैयार हो कि वह आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्याय से जोड़ सके। उन्होंने प्रदर्शनी दीर्घाओं, मल्टीमीडिया गैलरी, स्मृति कक्ष और बाहरी परिसर की तैयारियों की भी समीक्षा की।

राज्योत्सव स्थल बनेगा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का दर्पण

मुख्यमंत्री श्री साय ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी दौरा किया और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएँ तथा सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव राहुल भगत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More