
KPN24:-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। राज्य शासन के वित्त विभाग ने आज 5000 शिक्षकों के पदों पर भर्ती की सहमति प्रदान कर दी है।
यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री साय की उस घोषणा का प्रत्यक्ष परिणाम है, जिसमें उन्होंने शिक्षा को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार सृजन को अपनी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताया था।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी राज्य की प्रगति की नींव होती है, और जब शिक्षण संस्थान सशक्त होंगे तो राज्य की अगली पीढ़ी भी आत्मनिर्भर बनेगी। उन्होंने कहा — “यह भर्ती न केवल शिक्षा व्यवस्था को मज़बूती देगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगी। यह कदम ‘शिक्षित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़’ के निर्माण की दिशा में रोजगार गारंटी का नया अध्याय है।”
वित्त विभाग द्वारा दी गई सहमति को मुख्यमंत्री ने ‘नए छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम’ बताते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। 5000 शिक्षकों की नियुक्ति से खासतौर पर ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे न केवल बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी बल्कि शिक्षण की गुणवत्ता और निरंतरता दोनों में सुधार आएगा।
राज्य सरकार ने पिछले कुछ महीनों में शिक्षा सुधार से जुड़े कई ठोस कदम उठाए हैं — विद्यालय भवनों का निर्माण, डिजिटल शिक्षा सामग्री का प्रसार, शिक्षक प्रशिक्षण और स्मार्ट क्लासरूम जैसी पहलें अब तेजी पकड़ रही हैं। इन सबके साथ यह भर्ती “रोजगार और शिक्षा, दोनों को सशक्त करने वाली डबल इंजन पहल” के रूप में देखी जा रही है।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा —
“शिक्षा में किया गया प्रत्येक निवेश प्रदेश के भविष्य में निवेश है। वित्त विभाग द्वारा 5000 शिक्षकों की भर्ती की अनुमति देना न केवल शिक्षा को सशक्त करेगा, बल्कि युवाओं के लिए स्थायी रोजगार की गारंटी भी बनेगा। हमारी सरकार वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए प्राथमिकता क्षेत्रों — जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार — में संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आगे कहा —
“शिक्षा राज्य के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला है। हमारी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और हर विद्यालय में योग्य शिक्षक हों। यह निर्णय न केवल शिक्षा के स्तर को ऊँचा करेगा बल्कि प्रदेश के युवाओं के हाथों में सम्मानजनक रोजगार भी देगा।”
5000 शिक्षकों की भर्ती की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगी और साथ ही हजारों परिवारों के लिए रोजगार की स्थायी गारंटी बनेगी। यह कदम मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में “शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़” की दिशा में एक निर्णायक मील का पत्थर साबित होगा।










