"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अवैध रेत उत्खनन पर जांजगीर-चांपा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 31 वाहन जब्त

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत जांजगीर-चांपा जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में गठित जिला टास्क फोर्स टीमों ने जिलेभर में एक साथ ताबड़तोड़ अभियान चलाते हुए कुल 31 वाहन — 25 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 4 जेसीबी — को जब्त किया है।

कलेक्टर महोबे ने कहा — अवैध खनन पर “सख्त कार्रवाई जारी रहेगी”

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट कहा कि “जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज संसाधनों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

जिला टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई

जिला खनि अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि 25 एवं 26 अक्टूबर को खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के बम्हनीडीह, खपरीडीह, चांपा, देवराहा, जांजगीर, केराकछार एवं पंतोरा क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान रेत घाटों एवं परिवहन वाहनों की औचक जांच की गई, जिसमें कई वाहन अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त पाए गए।

क्षेत्रवार जब्ती की प्रमुख कार्रवाई

बम्हनीडीह क्षेत्र: 01 जेसीबी एवं 02 हाइवा (CG 04 QA 9799, CG 11 N 2499) और 01 ट्रैक्टर जब्त।

चांपा क्षेत्र: अवैध रेत परिवहन करते 07 ट्रैक्टर (CG 11 BP 3066, CG 13 AG 4475, CG 11 BK 9206, CG 05 AA 5082, CG 13 UE 7762, सोनालिका ट्रैक्टर व एक अन्य) जब्त।

देवराहा हसदेव नदी क्षेत्र: मध्यरात्रि में अवैध उत्खनन करते 01 जेसीबी (CG 11 BN 7084) और 02 ट्रैक्टर (CG 11 AB 2459, CG 11 AU 9714) सील।

खपरीडीह और केराकछार क्षेत्र: कुल 12 ट्रैक्टर जब्त।

शिवरीनारायण क्षेत्र: अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त 01 जेसीबी (CG 22 W 7241) और 03 ट्रैक्टर लावारिस हालत में जब्त।

कानूनी कार्रवाई होगी कठोर

इन सभी प्रकरणों में खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी को इन वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, पुनरावृत्ति की स्थिति में न्यायालय में परिवाद दायर कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

“अवैध खनन पर शून्य सहिष्णुता” नीति जारी

जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित शिकायतों की नियमित जांच जिला टास्क फोर्स टीम द्वारा निरंतर की जा रही है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More