"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नवरात्रि पर्व के दौरान व्यवस्था में सहयोग देने वाले 61 स्काउट्स, गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स एवं रेंजर्स को एसपी ने किया सम्मानित

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान पंडाल एवं यातायात व्यवस्था में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाले 61 स्काउट्स, गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स और रेंजर्स छात्रों को आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री पांडेय ने इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त कर उनसे संवाद किया। उन्होंने बच्चों के समर्पण भाव, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, बेहतर अध्ययन करने और समाजहित में योगदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “आप जैसे युवा ही देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं, जिन्होंने पर्व के दौरान जनसहयोग और अनुशासन का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है।”

ज्ञात हो कि बीते कँवार नवरात्रि पर्व के दौरान नैला अग्रसेन भवन के सामने मां दुर्गा जी की प्रतिमा दर्शन हेतु भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे। भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था की गई थी। इस दौरान स्काउट्स, एनसीसी कैडेट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने पुलिस टीम का सहयोग करते हुए व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा। उनके सहयोग से पंडालों में शांति, सुरक्षा और सुगमता बनी रही।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के जिला सचिव दीपक कुमार यादव, एनसीसी फर्स्ट ऑफिसर दिनेश चतुर्वेदी, डीटीसी स्काउट पूरन लाल पटेल तथा डीओसी गाइड कु. श्वेता जायसवाल सहित पुलिस अधिकारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More