"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बिर्रा में “कोमल ऋषभ” का संगीतमय आयोजन सम्पन्न :- शारदा संगीत महाविद्यालय में राग यमन की मधुर स्वर लहरियों ने बाँधा समा

KPN24:- संस्कार भारती जिला सक्ती के मार्गदर्शन में शारदा संगीत महाविद्यालय, बिर्रा द्वारा आयोजित मासिक संगीत गुंजन “कोमल ऋषभ” का आयोजन रविवार 26 अक्टूबर को आचार्य चाणक्य सभागार में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संगीत प्रेमियों की उपस्थिति में राग यमन की स्वर लहरियों ने वातावरण को पूरी तरह सुरमय बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष ब्राह्मण समाज जांजगीर-चांपा रहे, जबकि अध्यक्षता शैलेष दुबे, जिला सचिव संस्कार भारती ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विशालनाथ तिवारी, टी.पी. तिवारी, बी.एल. सागर, शंभू प्रसाद गौरहा एवं भुवनेश्वर चौबे शामिल हुए।

मुख्य अतिथि धनेश मिश्रा ने कहा कि –

“मासिक संगीत गुंजन जैसे आयोजन बाल एवं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनकी कला को निखारने का अद्भुत माध्यम हैं। संगीत न केवल कला है, बल्कि यह संस्कार और साधना का भी प्रतीक है।”

कार्यक्रम अध्यक्ष शैलेष दुबे ने कहा –

“शास्त्रीय संगीत कोई वैकल्पिक विषय नहीं, बल्कि यह ईश्वर से एकाकार होने का माध्यम है।”

विशालनाथ तिवारी ने भी कहा कि –

“इस आयोजन से क्षेत्र में संगीत का प्रचार-प्रसार हो रहा है और नई पीढ़ी भारतीय संगीत की परंपरा से जुड़ रही है।”

कार्यक्रम की शुरुआत माँ शारदा के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन व वैदिक मंत्रोच्चार (पं. प्रवीण तिवारी द्वारा) से हुई। सरस्वती वंदना सृष्टि कश्यप एवं प्रवीण तिवारी ने प्रस्तुत की। इसके बाद सृष्टि कश्यप ने “आज जाने की ज़िद न करो” गीत से कार्यक्रम का रंग जमाया, जिसमें तबला संगत एस.के. थवाईत ने की।

जयेश कश्यप ने “रे मन सुर में गा”, जयंत कश्यप ने राग यमन में “चंदन सा बदन”, जबकि जानकी एवं देवेंद्र पटेल ने राग यमन की बंदिशें प्रस्तुत कीं। त्रिशाला महंत ने “अभी ना जाओ छोड़कर” गीत से सभी को भावविभोर किया।

प्रवीण तिवारी ने राग यमन में पटियाला, किराना और बनारस घरानों की शैली में झपताल, तीनताल और एकताल पर आधारित लघु ख्याल प्रस्तुत कर सभा में उपस्थित संगीतप्रेमियों की वाहवाही बटोरी। उन्होंने “निगाहें मिलाने को जी चाहता है” और “चंदन सा बदन” के साथ छठगीत भी गाया।

भूपेंद्र कश्यप द्वारा प्रस्तुत भजन और श्रवण थवाईत की “छाप तिलक” ने कार्यक्रम को नई ऊँचाई दी। समापन राग भैरवी की प्रसिद्ध ठुमरी “बाजू बंद खुल खुल जाए” (जयंत कश्यप एवं प्रवीण तिवारी द्वारा) से हुआ।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन मनोज तिवारी ने किया। समस्त विद्यार्थियों को पेन और कॉपी देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा नायक, देवेंद्र पटेल, चांदनी कहरा सहित अनेक नागरिक एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की जानकारी प्रवीण कुमार तिवारी द्वारा दी गई।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More