
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में देश की एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर विजन पैरामेडिकल नवागढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर संस्थान के संचालक दिलीप भारद्वाज, प्राचार्य अरविंद टंडन, शिक्षक श्याम बैरेठ, अनिल भारद्वाज, शिक्षिका दुर्गेश्वरी, सीमा, छाया सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। उपस्थित जनों ने भारत की एकता के शिल्पकार को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और अदम्य साहस ने जिस प्रकार 562 रियासतों को एकसूत्र में बांधकर अखंड भारत का निर्माण किया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर संस्थान में रंगोली, चित्रकला, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर अपने विचार रखे।
संचालक दिलीप भारद्वाज ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, देशप्रेम और संगठन कौशल आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर देश की प्रगति में योगदान दें।
इस प्रकार विजन पैरामेडिकल में यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक बना, बल्कि राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश भी प्रसारित किया।










