
KPN24:- भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में आज पुलिस थाना बिर्रा के द्वारा “रन फॉर यूनिटी – एकता दौड़” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी निरीक्षक जयकुमार साहू के नेतृत्व में बाजार चौक बिर्रा से बनडभरा रोड तक आयोजित हुआ।
जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चांपा यदुमणि सिदार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं एवं थाना स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 7 बजे प्रारंभ हुई इस एकता दौड़ में प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे तथा इस संदेश को समाज में फैलाने का प्रयास करेंगे।
थाना प्रभारी जयकुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “एकता में ही शक्ति है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एक सूत्र में पिरोया। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए।” उन्होंने सभी नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिर्रा की सरपंच पीली बाई साहू, जनपद सदस्य रितेश रमण सिंह, एकादशिया साहू, राजेश कुमार केशरवानी, संतोष कश्यप, भोलाराम देवांगन, कमला प्रसाद कहार, चित्रभानु पांडेय, डी.एन. देवांगन, मुकेश कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










