
KPN24 :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है. गेवरा रोड–बिलासपुर रूट पर चल रही मेमू पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई. हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं
लाल खदान के पास हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन (68733) लाल खदान स्टेशन के पास मालगाड़ी से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा. घायलों को बिलासपुर के सिम्स, अपोलो और रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रेलवे ने दी जानकारी, जांच के आदेश
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत मेडिकल रिलीफ वैन और रेस्क्यू टीम भेजी गई है. प्राथमिक जांच में संकेत मिला है कि ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आ गई थीं, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
रेलवे ने घटना की जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) स्तर पर कराए जाने की घोषणा की है.
रूट पर ट्रेनें रद्द, यात्रियों को हो रही परेशानी

हादसे के बाद गेवरा-बिलासपुर अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है. कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है. ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम को नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण बहाली कार्य में समय लगने की संभावना है.
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
📞 बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
📞 चांपा: 8085956528
📞 रायगढ़: 9752485600
📞 पेंड्रा रोड: 8294730162
📞 कोरबा: 7869953330
📞 उसलापुर: 7777857338
📞 दुर्घटना स्थल विशेष नंबर: 9752485499, 8602007202
मुआवजे का ऐलान
रेलवे ने हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 1 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.

आईजी संजीव शुक्ला का बयान
बिलासपुर के आईजी संजीव शुक्ला ने कहा कि अब तक 15 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को त्वरित राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा, “यह दुखद हादसा बेहद पीड़ादायक है. राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं.”
भूपेश बघेल ने भी जताया संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “लाल खदान स्टेशन के पास हुई ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दुखद है. कई यात्रियों के घायल और मारे जाने की खबर व्यथित करने वाली है. शासन-प्रशासन से अपेक्षा है कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को समुचित चिकित्सा दी जाए.”










