
KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के चौथे दिन नवा रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि “छत्तीसगढ़ ने अपनी स्थापना के इन 25 वर्षों में विकास की नई गाथा लिखी है। राज्य ने हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।”
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 1 नवम्बर को नवा रायपुर आकर राज्योत्सव का शुभारंभ किया और विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि “राज्य की तीन करोड़ जनता की ओर से मैं प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ।”
उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को नमन करते हुए कहा कि अटलजी की दूरदृष्टि से राज्य ने उपेक्षा के दंश से मुक्ति पाई और विकास की नई दिशा मिली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे प्रयासों से आज गांव-गांव तक पक्की सड़कें पहुँची हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते 22 महीनों में सरकार ने ‘मोदी की गारंटी’ के तहत अधिकतर वादों को पूरा किया है। सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य निर्माण से पूर्व बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्र उपेक्षित थे, परंतु आज ये इलाक़े विकास की नई दिशा में अग्रसर हैं। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने सभी नागरिकों को राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने वीरता पदक से सम्मानित किए 14 पुलिस जवान
राज्योत्सव मंच से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस दिखाने वाले 14 पुलिस जवानों को वीरता पदक से सम्मानित किया।
इस दौरान शहीद एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे और वीरेंद्र कुमार शोरी के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वाले वीर जवानों में —
धरम सिंह तुलावी, विजय पुनेंग, गोपाल बरदू, रामेश्वर ओयामी, राजूलाल मरकाम, समलूराम सेठिया, तुलाराम ओवासी, मोहन लाल कट्टम, संतोष मोरामी, मनोज यादव, जामुराव तथा सुश्री निशा कचलाम शामिल हैं।
कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, साहित्य अकादमी संस्कृति परिषद अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम अध्यक्ष मोना सेन, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम एवं संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य उपस्थित रहे।










