"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बजरंग दल ने पुलिस की मदद से 6 गौवंश कराए मुक्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

मनीष विद्यार्थी, बुरहानपुर।
KPN24:- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले की सीमा से महाराष्ट्र की ओर गौवंश का अवैध परिवहन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार देर रात बजरंग दल की सतर्क टीम ने शिकारपुरा पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए दो लोडिंग वाहनों से 6 गौवंश को मुक्त कराया और उन्हें गौशाला भिजवाया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर मध्यप्रदेश पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

रातभर चली घेराबंदी, सुबह चार बजे की गई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार बजरंग दल के जिला सह संयोजक रवि सालुंके और जिला अखाड़ा प्रमुख गणेश राठौर ने बताया कि मंगलवार देर रात संगठन की टीम के सुरक्षा प्रमुख जीवन पाटिल, मनोज भड़कार, विक्की वाकले, हितेश पाटिल और अजय राठौड़ को सूचना मिली कि दो लोडिंग वाहन खंडवा जिले के सिंगोट क्षेत्र से नेपानगर होते हुए महाराष्ट्र की ओर अवैध रूप से गौवंश ले जा रहे हैं।

टीम ने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए नाकाबंदी की रणनीति बनाई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 4 बजे दोनों वाहनों को रोका गया, जिनसे 6 गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया गया।

शिकारपुरा पुलिस ने दर्ज किया मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार

शिकारपुरा पुलिस के अनुसार, मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मप्र पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं —

1. बद्री पिता रिछा खरते, निवासी भीलखेड़ी, पंधाना

2. विकास पिता हुकुम पटेल, निवासी गंधावा पाडल्या

3. चंद्रभान पिता चंपालाल डाकसे, निवासी पाडल्या, जिला खंडवा

गौशाला में भेजे गए मुक्त गौवंश

बजरंग दल की टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुक्त कराए गए सभी 6 गौवंशों को पास की गौशाला में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया गया है।

इस कार्रवाई से एक ओर जहां बजरंग दल की सक्रियता की चर्चा हो रही है, वहीं जिले की सीमाओं पर गौ-तस्करी रोकने को लेकर पुलिस और समाजसेवी संगठनों की सतर्कता भी सामने आई है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More