
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सलखन गौठान में 14 मवेशियों की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। मामले में गौठान संरक्षक की लापरवाही को कारण मानते हुए धारा 325 भारतीय दंड संहिता एवं धारा 11(1)(क) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में, घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में जांच टीम गठित की गई। जांच कार्य का दायित्व थाना प्रभारी शिवरीनारायण एवं पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी रामप्रसाद बघेल को सौंपा गया।
मामले का विवरण
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पंचायत सलखन के गौठान में कई मवेशी मृत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पुलिस टीम के पहुंचने पर पाया गया कि गौठान परिसर में कुल 14 मवेशी (07 गाय एवं 07 बैल) मृत पाए गए, वहीं 05 मवेशियों के कंकाल एवं 03 मवेशी घायल अवस्था में मिले। घायल मवेशियों का उपचार कराया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के पश्चात गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जांजगीर, तहसीलदार, पशु चिकित्सक, हल्का पटवारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। मृत मवेशियों के शवों का पोस्टमार्टम उप संचालक/वरिष्ठ पशु चिकित्सक जांजगीर की निगरानी में कराया गया।
ग्राम पंचायत के सरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि गवाहों एवं सरपंच द्वारा मृत्यु का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया, किंतु प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि गौठान संरक्षक की लापरवाही के कारण यह घटना घटी।
पुलिस की कार्यवाही
पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए धारा 325 भा.दं.सं. एवं धारा 11(1)(क) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।










