
KPN24 | नवा रायपुर, 5 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती समारोह का यह दिन ऐतिहासिक बन गया, जब नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य और अनुशासन का साक्षी बना। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने राज्योत्सव के अवसर पर ऐसे रोमांचकारी करतब दिखाए कि हर दर्शक “जय हिंद” के नारे से गूँज उठा।
वायुसेना के विमानों ने जब आकाश में “बॉम्ब बर्स्ट”, “हार्ट-इन-द-स्काई” और “एरोहेड” जैसे अद्भुत फॉर्मेशन बनाए, तो पूरा नवा रायपुर देशभक्ति की भावना से भर गया। यह दृश्य न केवल तकनीकी उत्कृष्टता का परिचायक रहा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की ऊँची उड़ान का प्रतीक भी बना।
इस टीम में छत्तीसगढ़ के बेटे, किसान पुत्र फ्लाइट लेफ्टिनेंट गौरव पटेल ने अपने कौशल से प्रदेश का नाम रोशन किया। उनकी भागीदारी ने इस एरो शो को और भी विशेष बना दिया। दर्शकों ने उनके सम्मान में जोश और गर्व से तालियाँ बजाईं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा—
“छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर यह एरो शो युवाओं के लिए प्रेरणा, राज्य के लिए गौरव और देश के लिए भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस का प्रतीक है।”
यह भव्य आयोजन वास्तव में रजत महोत्सव को धरती से लेकर आसमान तक अंकित करने वाला रहा। हर उड़ान ने तिरंगे की गरिमा और छत्तीसगढ़ के गौरव को नई ऊँचाइयाँ दीं।










