
KPN24:- छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अब उन जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी बन चुकी है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों का उपचार कराना असंभव था। इसी योजना के माध्यम से जशपुर जिले के बगीचा निवासी 48 वर्षीय किसान गणेशराम यादव को नया जीवन मिला है।
गणेशराम की दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी थीं और वे लंबे समय से डायलिसिस पर थे। डॉक्टरों ने किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी, परंतु इलाज का भारी खर्च सुनकर परिवार की उम्मीदें टूटने लगीं। आर्थिक रूप से कमजोर किसान परिवार के लिए यह उपचार कराना नामुमकिन था।
इसी दौरान उन्हें कुनकुरी सदन के माध्यम से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। परिवार ने तुरंत आवेदन किया, और बिना किसी जटिल प्रक्रिया के योजना के अंतर्गत उनका पूरा उपचार निःशुल्क स्वीकृत हो गया।
रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में गणेशराम का उपचार शुरू हुआ। सबसे भावनात्मक क्षण तब आया जब उनकी 64 वर्षीय माता सरस्वती यादव ने अपने बेटे के लिए किडनी दान करने का निर्णय लिया। माँ के इस त्याग और शासन की सहायता से प्रत्यारोपण सफल रहा। आज गणेशराम पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रहे हैं।
स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के बाद गणेशराम अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित निवास में मिले। कृतज्ञता से भरे गणेशराम ने कहा – “अगर यह योजना नहीं होती, तो शायद मैं आज ज़िंदा नहीं होता। सरकार ने हमारी जीवन की टूटी हुई आस को फिर से लौटा दिया।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गणेशराम और उनके परिवार से आत्मीय भेंट कर उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा – “प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाने का अधिकारी है। हमारी सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे — यही सच्चे अर्थों में जनसेवा है।”
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना आज स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मानवीयता और करुणा का प्रतीक बन गई है। यह योजना न केवल आर्थिक सहायता दे रही है, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद भी जगा रही है।










