
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरूण साव द्वारा जांजगीर प्रवास के दौरान (दिनांक 07 अक्टूबर 2025) की गई घोषणा अब धरातल पर उतरने लगी है। जिले में वर्षा ऋतु के बाद सड़कों के रख-रखाव और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती ममता पटेल ने बताया कि वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का विस्तृत सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन कर मरम्मत हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया गया था। लगभग 274.40 किलोमीटर लंबाई के मार्गों के सुधार एवं रख-रखाव के लिए 575.20 लाख रुपए की राशि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
स्वीकृति के बाद विभाग द्वारा निविदा आमंत्रण एवं कार्यादेश जारी कर मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। सभी चिन्हांकित सड़कों का कार्य 31 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता न हो। साथ ही अधिकारियों को कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस निर्णय से जिले की ग्रामीण एवं शहरी सड़कों पर आवागमन सुगम होगा और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।










