
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रतनपुर में आयोजित कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु एवं बहादुर कलारीन दाई की पूजा-अर्चना कर विशाल सम्मेलन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि धार्मिक नगरी रतनपुर के विकास हेतु केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना भेजी गई है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र मिलने की संभावना है।
उन्होंने रतनपुर में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्थापना और कल्चुरी समाज के लिए 1 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।
विशेष अतिथि के रूप में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा और महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री बोले — छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर अग्रसर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कल्चुरी राजवंश ने रतनपुर सहित देशभर में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया और उनके शासनकाल में प्रजा खुशहाल रही।
उन्होंने कहा कि मां महामाया की कृपा से छत्तीसगढ़ राज्य तेजी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा —
“हमारी सरकार को बने अभी 22 माह हुए हैं, और इस अवधि में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के लगभग सभी बड़े वायदे पूरे किए हैं।”
उन्होंने बताया कि —
किसानों से किए गए वायदे के अनुरूप 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
15 नवम्बर से धान खरीदी अभियान पुनः आरंभ होगा।
महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये दिए जा रहे हैं, अब तक 21 किश्तें वितरित हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने 31 मार्च 2026 तक नक्सल समस्या के समूल नाश का संकल्प लिया है, जिसकी दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में बस्तर के 327 ग्रामों को पुनः विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
नयी उद्योग नीति से बढ़ेगा रोजगार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य की नई उद्योग नीति को देशभर में सराहा गया है। अब तक ₹7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें एआई और सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना भी प्रारंभ हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि नीति में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है और अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को अधिक रियायतें दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 जारी किया है, जिसमें निर्धारित लक्ष्यों को पाने के लिए समाज के सभी वर्गों के सहयोग की आवश्यकता है।
मंत्री जायसवाल बोले – डबल इंजन सरकार में तेज गति से हो रहा विकास
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रतनपुर कल्चुरी राजवंश का प्रमुख केंद्र रहा है, जिन्होंने देशभर में लगभग 1200 वर्षों तक शासन किया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास के कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं, और वर्तमान राज्य सरकार भी पूर्वजों के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने नवा रायपुर में भगवान सहस्रबाहु के नाम पर चौक का नामकरण करने हेतु मुख्यमंत्री का आभार जताया।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सनातन संस्कृति सभी समाजों के ईष्ट देवों को समान सम्मान देने की शिक्षा देती है। कार्यक्रम में समाज के मोहित जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया।
मुख्यमंत्री ने मां महामाया का लिया आशीर्वाद
महासम्मेलन में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां महामाया मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं आरती की। उन्होंने राज्य की खुशहाली और समृद्धि की कामना की और मां महामाया से आशीर्वाद प्राप्त किया।










