
छिंदवाड़ा प्रतियोगिता में पाया प्रथम स्थान, खरगोन का बढ़ाया मान
KPN24:- मध्यप्रदेश के खरगोन शहर की होनहार खिलाड़ी एज्या गुप्ता, जो दशोरा नागर समाज नगर मंडल के सदस्य एवं भूतपूर्व सैनिक पुष्पेंद्र गुप्ता (फौजी) की पुत्री हैं, ने छिंदवाड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले और समाज का नाम रोशन किया है।
6 से 11 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में एज्या ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को शानदार प्रदर्शन से परास्त करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसकी इस सफलता से पूरे समाज में हर्ष की लहर है।
एज्या वर्तमान में कक्षा 10वीं की छात्रा हैं और आदित्य स्कूल में अध्ययनरत हैं। उन्होंने यह मुकाम 4 वर्षों की कठोर मेहनत और निरंतर अभ्यास से हासिल किया है। प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच वाय. डी. वर्मा के मार्गदर्शन में डीआरपी लाइन में प्राप्त किया।
गौरतलब है कि एज्या ने वर्ष 2023 में ग्वालियर में रनर अप, 2024 में नर्मदापुरम में प्रथम स्थान, और अब 2025 में छिंदवाड़ा में स्टेट लेवल गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब उनका चयन नेशनल चैम्पियनशिप के लिए रिज़र्व सूची में हुआ है।
बेहद साधारण परिवार से आने वाली एज्या के पिता पुष्पेंद्र गुप्ता वर्तमान में जिला सैनिक समिति के अध्यक्ष हैं, जबकि माता चंद्रकिरण गुप्ता शासकीय शिक्षिका हैं।
एज्या की उपलब्धि पर समाज के लोगों ने भी हर्ष व्यक्त किया। दशोरा नागर समाज के बाबा अमरनाथ ग्रुप के सदस्यों — संतोष गुप्ता, विनय गुप्ता, रूपेश गुप्ता, अजय गुप्ता और धर्मेंद्र गुप्ता — ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की।










