
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के विजन पैरामेडिकल नवागढ़ में बाल दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के संचालक दिलीप भारद्वाज एवं प्राचार्य अरविंद टंडन ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की।
14 नवंबर को पंडित नेहरू की जयंती के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाल दिवस संस्थान परिसर में विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संचालक दिलीप भारद्वाज ने पंडित नेहरू के जीवन, उनके विचारों और भारत निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेहरू जी हमेशा बच्चों को राष्ट्र की शक्ति और भविष्य मानते थे।
वहीं, प्राचार्य अरविंद टंडन ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास हेतु संस्थान निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाइयाँ वितरित की गईं। पूरे आयोजन के दौरान संस्थान परिसर में उल्लासपूर्ण और उत्साहभरा माहौल देखने को मिला।










