"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शराब के विवाद में युवक की हत्या—चांपा पुलिस ने चंद घंटों में 6 आरोपियों को दबोचा

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में शराब पीने के दौरान हुई गाली-गलौज और आपसी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामले की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए केवल कुछ ही घंटों में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।

मामला क्या है?

घटना 15 नवंबर की रात घोघरा नाला क्षेत्र की है। प्रार्थी प्रमोद कुर्रे ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 8 बजे आरोपी सागर कर्ष अपने साथियों के साथ शराब पीने के दौरान किराना दुकान के पास गाली-गलौज और झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान रोहित महंत ने सागर को गंदी गालियां दीं, जिसके बाद सागर ने उसे कुछ थप्पड़ मारे और रोहित वहां से चला गया।

रात करीब 9:30 बजे रोहित महंत फिर मुक्तिधाम के पास पहुंचा, जहां सागर और उसके दोस्त बैठे थे। रोहित फिर से गाली-गलौज करने लगा, जिस पर विवाद बढ़ गया और झगड़ा होने लगा। बार-बार अपमानित किए जाने से भड़के सागर और उसके साथियों ने रोहित की हत्या करने की नीयत से हमला किया।

नागेश्वर नायडू, अश्वनी कुमार सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए और सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर प्राणघातक हमला किया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसका गला दबाया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

कुछ ही घंटों में गिरफ्तारी

हत्या की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

चांपा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की और सभी 6 आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी सागर कर्ष के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सागर कर्ष, पिता छतराम कर्ष, उम्र 27 वर्ष

2. नागेश्वर नायडू, पिता राजू नायडू, उम्र 23 वर्ष

3. अश्वनी कुमार सतनामी, पिता लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, उम्र 24 वर्ष

4. विजय श्रीवास, पिता नर्मदा श्रीवास, उम्र 25 वर्ष

5. विनय कुर्रे, पिता ललित कुर्रे, उम्र 29 वर्ष

6. आकाश उर्फ अज्जू साहू, पिता गोपाल साहू, उम्र 25 वर्ष
(सभी निवासी घोघरा नाला, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा)

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), उप निरीक्षक उपेंद्र मिश्रा, दादूरैया ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, आरक्षक वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे, जय उरांव, शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया, भूपेंद्र गोस्वामी का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More