
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित कर रही सहकारी समिति कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय से मुलाकात कर लिखित रूप में हड़ताल समाप्ति का निर्णय सौंपा।
कर्मचारी संघ ने बताया कि किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए तथा प्रशासन की पहल पर विचार करते हुए हड़ताल को स्वेच्छा से वापस लिया गया है।
सोमवार से सभी कर्मचारी लौटेंगे ड्यूटी पर
हड़ताल समाप्त होने के साथ ही समिति कर्मचारी संघ ने आश्वस्त किया है कि जिले के सभी खरीदी केंद्रों में कर्मचारी सोमवार से नियमित रूप से कार्यभार संभालेंगे। इससे धान खरीदी की सभी गतिविधियाँ एक बार फिर सुचारू रूप से संचालित होंगी। प्रशासन ने बनाए रखी व्यवस्था, किसानों को मिली राहत हड़ताल की अवधि में भी प्रशासन ने समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर दी थी।
खरीदी कार्य को बाधित न होने देने के लिए—ग्राम पंचायत सचिव , विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नव-प्रशिक्षित ऑपरेटर को खरीदी केंद्रों पर तैनात किया गया। इससे खरीदी प्रक्रिया लगातार जारी रही और किसानों को किसी भी बड़े संकट का सामना नहीं करना पड़ा।
पूर्ण क्षमता से होगी खरीदी
हड़ताल समाप्ति की घोषणा समिति प्रबंधक संघ ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के समक्ष की। प्रशासन का कहना है कि अब आने वाले दिनों में धान खरीदी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित होगी तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।










