"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“ऑपरेशन उपहार” के अंतर्गत आदिवासी गाड़ समाज में नशामुक्ति व स्वरोजगार को मिला नया आयाम

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पुलिस और प्रशासन द्वारा संचालित “ऑपरेशन उपहार” का प्रभाव अब जनजातीय समाज में दिखाई देने लगा है। नशामुक्ति अभियान को आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए आदिवासी गोड़ समाज ने आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया। समाज द्वारा तैयार किए गए घरेलू उत्पादों को “विजयश्री फाउंडेशन” नाम से औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने की उत्पादों की लॉन्चिंग

पामगढ़ के सद्भावना भवन में आयोजित कार्यक्रम में
कलेक्टर जन्मेजय महोबे तथा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने ‘विजयश्री’ नामक ब्रांड के तहत निर्मित उत्पादों की लॉन्चिंग की। “विजयश्री” शब्द नशे जैसी बुराई पर जीत और आत्मनिर्भरता की शुरुआत का प्रतीक बताया गया।

10 गांवों से पहुंचे 300 से अधिक लोग

नशामुक्ति एवं जागरूकता समारोह में जिले के 10 गांवों—
बनारी, मुलमुला, कुटीघाट, सेमरिया, कमरीद, देवरी, खोरसी, कटौद, कोसा, बनाहिल, कोटमीसोनार—से लगभग 300 लोग शामिल हुए। कटौद निवासी समाज के प्रमुख शिव गोंड़ तथा समाज के अनेक युवक-युवतियाँ एवं महिलाएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में कृषि विभाग, पशुपालन, रेशम, उद्यान, बैंकिंग, जिला पंचायत (बिहान) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने स्वरोजगार से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।

स्टेट बैंक द्वारा गांवों में खोले जा रहे खाते

स्टेट बैंक द्वारा सभी गांवों के सदस्यों के बैंक खाते खोले जा रहे हैं, ताकि उत्पादों की बिक्री से प्राप्त राशि सीधे उनके खातों में जमा हो सके और उनके व्यवसाय का स्वतंत्र हिसाब-किताब बन सके।

रातभर दिया गया प्रशिक्षण, बने कई उत्पाद

कार्यक्रम से एक दिन पूर्व 18 नवम्बर की शाम से ही समाज के सदस्य सद्भावना भवन में जुटना शुरू हो गए थे।
समाज के युवा उद्यमी श्रवण गोंड़ ने देर रात तक प्रशिक्षण देकर कई उत्पाद तैयार करवाए, जिनमें— ग्लास क्लीनर, कार सैनिटाइज़र, टॉयलेट क्लीनर
आदि शामिल हैं।

इन सभी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन कलेक्टर, एसपी और उपस्थित अधिकारियों ने किया। मौके पर ही बड़ी मात्रा में उत्पाद विक्रय भी हुए। जांजगीर-चांपा से कई व्यापारी सामान खरीदने पहुंचे।

हीना गोंड़ का प्रभावशाली प्रेजेंटेशन

समारोह का सबसे प्रेरणादायक क्षण रहा कटौद निवासी हीना गोंड़ का प्रेजेंटेशन। उन्होंने अंग्रेजी भाषा में बताया कि कैसे स्कूल और समाज में शराब बनाने वाले समूहों के कारण उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा और नशामुक्ति आंदोलन से जुड़कर कैसे बदलाव की राह मिली।

उनके प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारी और समाजजन अत्यंत प्रभावित हुए। हीना वर्तमान में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More